पढ़ाई में कमजोर बच्चों के लिए चलेंगी अतिरिक्त कक्षाएं
सहारनपुर। कोरोना काल में करीब 11 माह तक बंद चल रही परिषदीय विद्यालयों में एक से पांच तक की कक्षाएं एक मार्च से पुन: शुरू हो रही हैं। स्कूलों के खुलने के तुरंत बाद शिक्षकों को बच्चों की क्षमताओं का आकलन करना होगा, जिसके लिए प्रपत्र तैयार किया जाएगा। जो बच्चे कमजोर होंगे उनके लिए रोज 40 मिनट की अतिरिक्त क्लास चलाई जाएंगी।
कोरोना काल में ज्यादातर बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई का पूरा लाभ नहीं उठा सके हैं। जो ऑनलाइन पढ़ाई से जुड़े रहे हैं उनका भी स्तर ज्यादा बेहतर नहीं है। बेसिक शिक्षा परिषद ने स्कूल खुलते ही सबसे पहले बच्चों की क्षमताओं का आकलन करने के आदेश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा है कि छात्रों की क्षमताओं का आकलन केवल हिंदी और गणित विषय में ही किया जाएगा। इसके बाद उनकी कमियों को चिह्नित कर प्रतिदिन 40 मिनट की अतिरिक्त कक्षाएं चलाने के आदेश दिए हैं।
- यह रहेगा आकलन का आधार
गणित विषय
- कक्षा एक के बच्चों को निर्धारित सूची में से पांच संख्याओं को सही से पहचानना होगा।
- कक्षा दो के बच्चों को जोड़ एवं घटाव के एक अंक के 75 फीसदी प्रश्न हल करने होंगे।
- कक्षा तीन के बच्चों को जोड़ और घटाव वाले 75 फीसदी प्रश्नों को हल कर लेते हैं या नहीं?
- कक्षा चार के बच्चे गुणा के 75 फीसदी प्रश्नों को सही से हल कर लेते हैं या नहीं।
- कक्षा पांच के छात्र भाग के 75 फीसदी प्रश्नों को सही से हल कर पाते हैं या नहीं।
- हिन्दी विषय
- कक्षा एक के बच्चों को हिंदी के पांच शब्द पहचानने होंगे।
- कक्षा दो के बच्चों को हिंदी में 20 शब्द प्रति मिनट के प्रवाह से पढ़ना होगा।
- कक्षा तीन के बच्चों को हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट के प्रवाह से पढ़ना होगा।
- कक्षा चार के बच्चों को छोटे अनुच्छेद को पढ़कर 75 फीसदी प्रश्नों का सही उत्तर देना होगा।
- कक्षा पांच के बच्चों को 75 फीसदी प्रश्नों का सही उत्तर देना होगा।
- वर्जन
कोरोना की वजह से ऑनलाइन पढ़ाई में भी कई बच्चे सही से जुड़ नहीं सके। यही वजह है कि विद्यालय खुलने के तुरंत बाद शिक्षकों को सबसे पहले बच्चों की क्षमताओं का आकलन करना होगा। इसके बाद कमजोर बच्चों को चिह्नित कर उनके लिए अलग से कक्षाएं चलाई जाएंगी।
-- रमेंद्र कुमार सिंह, बीएसए।
-------
माध्यमिक विद्यालयों को भी आदेश
सहारनपुर। अपर मुख्य सचिव अराधना शुक्ला ने माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की कक्षाओं का संचालन एक मार्च से करने के आदेश दिए हैं। आदेश के अनुपालन में जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार दूबे ने सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त तथा वित्तविहीन विद्यालयों को पत्र जारी कर कोविड-19 से बचाव की शर्तों का पालन करते हुए कक्षाओं का संचालन एक मार्च से करने के निर्देश दिए हैं।