सहारनपुर। थाना सदर बाजार पुलिस ने अमानत में खयानत और धोखाधड़ी के दो मामलों में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक बाइक और दो स्कूटियां बरामद की हैं। गौरव निवासी वेद विहार कॉलोनी की शिकायत पर 15 सितंबर 2025 को प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
आरोप है कि शहजाद उर्फ आशू त्यागी ने उनकी बाइक चलाने के बहाने लेकर वापस नहीं की। वहीं, तीन सितंबर 2025 को गंगोह निवासी आरती ने भी शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने धोखाधड़ी कर उनकी स्कूटी लेकर वापस नहीं की। मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक कपिल देव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी शहजाद उर्फ आशू त्यागी निवासी नावला थाना मंसूरपुर जिला मुजफ्फरनगर को आईटीसी फैक्टरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में धोखाधड़ी समेत कई प्राथमिकी दर्ज हैं। इसके अलावा सदर बाजार पुलिस ने वारंटी फैय्याज निवासी निसार रोड रायवाला को भी पकड़ा।
आत्महत्या के लिए उकसाने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर। थाना जनकपुरी पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 25 अप्रैल को कृष्णा धाम कॉलोनी निवासी श्याम सिंह ने तहरीर दी थी कि रुपयों के लेनदेन को लेकर समाज में बदनामी करने, कहीं पर भी काम न करने देने की धमकी दी जा रही है। तंग आकर उनके बेटे आर्यन ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई थी। इस मामले में मंगलवार को पुलिस ने अजय निवासी इंद्रा कैंप कॉलोनी को पकड़ लिया है।