युवती को जबरन गाड़ी में खींचने का आरोप
बेहट (सहारनपुर)। गोकशी की मुखबिरी के शक में एक युवती के अपहरण की कोशिश की गई। आरोप है कि बेहट बस अड्डे पर उसे खींचकर बोलेरो कार में चार लोगों ने डाल लिया। उसके साथ छेड़छाड़, बदसलूकी और मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित को सीएचसी बेहट में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया है।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि वह बस स्टैंड पर बस की इंतजार में खड़ी थी, तभी उसके पीछे एक गाड़ी आकर रुकी। कार में सवार तीन लोग नीचे उतरे। आरोप है कि उन्होंने उसे यह कहते हुए गाड़ी में खींच लिया, कि वह बेहट कोतवाली में पुलिस को फोन करके उनके द्वारा गोकशी करने की सूचना देती है। इनमें दो लोग उसके गांव के ही थे। आरोप है कि उन्होंने उसके साथ बदसलूकी की। इस दौरान उसे काफी चोट लगी। हाथापाई के दौरान नीचे गिरा मोबाइल उठाकर किसी ने उसके भाई को फोन किया। उसका भाई मौके पर पहुंचा और उसे छुड़ाया। इसके बाद वह बेहट कोतवाली पहुंची, जहां से पुलिस उसे सीएचसी ले गई थी। उसे जिला अस्पताल भेजकर पुलिस ने मेडिकल कराया है। इंस्पेक्टर पवन चौधरी का कहना है कि पीड़ित युवती के भाई और आरोपियों के बीच लेनदेन का मामला है, जिसे लेकर कई बार उनमें विवाद भी हो चुका है। युवती कोतवाली आई थी, जिसे मेडिकल के लिए भेजा गया था, लेकिन उसके बाद वह तहरीर देने नहीं आई।