मेडिकल स्टोर संचालक को जेल भेजा
सहारनपुर। जिस दवा एजेंसी से दिल्ली की सरकारी दवाएं पकड़ी गईं थीं, उसके संचालक को जेल भेज दिया गया है। ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से लैब को एक पत्र लिखा गया है, जिनमें नमूनों की रिपोर्ट जल्द से जल्द भेजने की मांग की गई है। कार्रवाई के बाद से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।
ड्रग इंस्पेक्टर संदीप चौधरी ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को चिलकाना रोड स्थित मेसर्स एएमएस मेडिसिन एजेंसी पर छापा मारा था। छापे में भारी मात्रा में दिल्ली की सरकारी दवाएं पकड़ी गई थीं, साथ ही शॉर्ट एक्सपाइरी दवाओं के साथ ही अन्य ऐसी दवाएं भी मिली थीं, जिनका इस्तेमाल लोग नशे के लिए कर रहे हैं। ड्रग इंस्पेक्टर की रिपोर्ट पर कोतवाली देहात में एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी एजेंसी मालिक को गिरफ्तार कर लिया। संदीप चौधरी ने बताया कि नौ दवाओं के नमूने भी जांच के लिए लखनऊ लैब में भेजे गए हैं। आम तौर पर जांच रिपोर्ट आने में तीन माह तक का समय लगता है, मगर उन्होंने लैब को पत्र लिखकर जल्दी रिपोर्ट भेजने को कहा है, साथ ही विभाग मुख्यालय को भी इस संबंध में पत्र लिखा गया है। उधर, ड्रग विभाग की कार्रवाई के बाद से ऐसे मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप की स्थिति है, जो कहीं न कहीं गलत कर रहे हैं।