कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
नकुड़। चिकित्सक के पास दवाई लेने जा रहे साइकिल सवार व्यक्ति की तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस ने गाड़ी चालक को हिरासत में लेकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतक के परिजनों की तरफ से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव बुल्लेवाला निवासी 40 वर्षीय सतीश कुमार दवाई लेने नकुड़ स्थित चिकित्सक के यहां साइकिल से जा रहा था। जैसे ही वह सरसावा रोड पर स्थित देव ऋषि स्कूल के सामने पहुंचा तो नकुड़ की ओर से तेज गति से जा रही स्कॉर्पियो गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर लगने से सतीश करीब दस फीट दूर उछलकर गिरा। सड़क पर सिर लगने से उसे गंभीर चोट आई। सूचना पर पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने गंभीरता को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। परंतु रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। गांव के पूर्व प्रधान बिक्रम चौधरी ने बताया कि मृतक की पत्नी भी दो साल पूर्व अधरंग से गंभीर बीमार है। कोतवाल किरणपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने चालक को वाहन सहित हिरासत में ले लिया तथा मृतक के परिजनों की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी का चालान किया जा रहा है।