वन गुर्जरों को ऐसी जगह बसाएं, जहां मिलें सविधाएं
सहारनपुर। कांग्रेस नेताओं ने वन गुर्जरों का पुनर्वास ऐसी जगह कराने की मांग की है, जहां उनको बेहतर नागरिक सुविधाएं मिल सकें, साथ ही प्रक्रिया में पुन: सर्वे कराकर उन सभी लोगों को शामिल कराने की मांग की है, जो सर्वे में छूट गए हैं।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य एवं पूर्व विधायक इमरान मसूद के नेतृत्व में बेहट विधायक नरेश सैनी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली एवं वन गुर्जरों का प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त संजय कुमार से मिला। इमरान मसूद ने कहा कि वन गुर्जरों के पुनर्वास के लिए पुन: सर्वेक्षण कराया जाए। जो परिवार छूट गए हैं, उन्हें भी प्रक्रिया में शामिल किया जाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली एवं विधायक नरेश सैनी ने कहा कि वन गुर्जरों को ऐसी जगह बसाया जाए, जहां उन्हें बेहतर नागरिक सुविधाएं दी जा सकें। उनके बच्चों की शिक्षा व्यवस्था के साथ उनके पशुओं के लिए चारे एवं भवन के निर्माण की व्यवस्था भी कराई जाए। उन्होंने मंडलायुक्त के समक्ष प्रक्रिया में बरती गई कुछ खामियों का भी जिक्र किया और इन्हें दूर करने की मांग की। जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा ने बताया मंडलायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में चौधरी वासित, चौधरी आरिफ के साथ गुर्जर परिवारों के सदस्य भी शामिल रहे।