अंबेहटा में एक मकान में फटा हुआ एसी। स्रोत- पीड़ित
अंबेहटा। कस्बे के मोहल्ला खाकरोबान में बुधवार सुबह एक मकान में लगा एसी तेज धमाके के साथ फट गया। इस कारण वहां अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से कमरे में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय कमरे में कोई नहीं था। बड़ा हादसा हो सकता था।
पदम कुमार, राकेश कुमार ने बताया कि 15 जून को एक ब्रांडेड कंपनी का एसी अपने घर के ग्राउंड फ्लोर वाले कमरे में लगवाया था। बुधवार सुबह बच्चे एसी चालू करके ऊपर कमरे में किताबें उठाने चले गए। इसी दौरान एसी तेज धमाके के साथ फट गया। कमरे में रखे सामान में आग लग गई। धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने आग पर पानी डालकर बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। आग लगने से कमरे में रखा डबल बेड, अलमारी, सोफा व मोबाइल जलकर खराब हो गए। अफरा-तफरी के दौरान पदम कुमार के बेटे ईशांत के पैर में भी चोट आई है।
इन कारणों से फटता है एसी
- लगातार कई घंटे तक एसी चलाना-लो-वोल्टेज
- बार-बार ट्रिपिंग की समस्या
- समय पर सर्विस नहीं कराना। इससे एसी यूटिन में डस्ट व ऑयल जमा हो जाता है, जिससे स्पार्किंग का खतरा बढ़ जाता है।
- ज्यादा देर तक कम तापमान पर एसी चलाना
- कम गुणवत्ता वाले या पुराना वायरिंग सिस्टम की वजह से एसी में ब्लास्ट होने का खतरा रहता है।