सरसावा (सहारनपुर)। नगर के बीचों बीच अंबाला रोड पर स्टेट बैंक के सामने स्थित खंभे में आए करंट की चपेट में आकर दो युवक झुलसकर बेेहोश हो गए। एक युवक को लोगों ने प्रयास कर बचा लिया। जबकि दूसरे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंबाला रोड पर गंदे पानी की निकासी के लिए पालिका द्वारा सहारनपुर की फर्म को ठेका देकर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान पानी की लाइन लीकेज हो गई, जिससे अंबाला रोड के दोनों किनारों पर काफी बड़े हिस्से में पानी भर गया। मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे ठेकेदार के दो मजदूर कैराना निवासी जावेद (23 वर्ष) तथा जुनैद पानी के बीच से निर्माण कार्य के लिए सरिया लेकर जा रहे थे। तभी स्टेट बैंक के सामने स्थित बिजली के लोहे के खंभे से सरिया टकरा गए। बताया जाता है कि खंभे में करंट आ रहा था तथा दोनों मजदूर करंट लगने के कारण झुलस गए एवं अचेत होकर गिर पड़े। लोगों ने बिजली बंद कराने के लिए सरसावा बिजलीघर के अवर अभियंता के मोबाइल फोन पर अनेक बार कॉल किए, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों को फोन पर हादसे की जानकारी देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। उसके बाद दोनों मजदूरों को वहां से हटाया गया। लोगों ने जुनैद के सीने पर मालिश की तो उसे होश आ गया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी दूसरा मजदूर जावेद नहीं उठा तो उसे मेडिकल कॉलेज सरसावा में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जावेद को मृत घोषित कर दिया।
इसी खंभे से हुई थी घोड़े की मौत, विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद लोगों ने विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि खंभे में बीते पांच माह से अनेक बार करंट उतर चुका है। संजीव सैनी, रवि चौधरी, दिनेश गुप्ता, मो. अखलाक, चौधरी ठाठ सिंह, दिनेश जैन ने बताया कि जिस खंभे में करंट आने से मजदूर की मौत हुई है, उसी खंभे में इसी वर्ष पांच जुलाई को करंट आने से एक घोड़े की मौत हो गई थी। फिर भी विद्युत निगम लापरवाही बरतता रहा। मंगलवार के हादसे के दिन भी अवर अभियंता ने फोन नहीं उठाया। लोगों ने कहा कि समय से बिजली बंद हो जाती तो शायद मजदूर को बचाया सकता था।
मामले की जांच कराई जाएगी: मुख्य अभियंता
विद्युत निगम के मुख्य अभियंता जीसी झा का कहना है कि युवक की मौत किस प्रकार हुई और करंट से हुई तो कैसे हुई है, दोषी कौन है, इसकी जांच कराई जाएगी। कोई दोषी पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
करंट की चपेट में आकर जान गवाने वाला मजदूर- फोटो : SAHARANPUR
बिजली का खम्बा जिसमे करंट आया था- फोटो : SAHARANPUR