नानौता। नगर में बीच रास्ते गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुई मारपीट के मामले पुलिस ने भाजपा नेता अश्विनी बालियान सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
नानौता के संजय चौक निवासी बलबीर सिंह पुत्र हरदेव सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि भाजपा अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अश्वनी बालियान गली में बीच रास्ते पर अपनी गाड़ी खड़ी कर देते हैं। इससे आने जाने में भारी परेशानी होती है। उन्होंने बताया कि रविवार को उनके बेटे विशाल ने अश्वनी बालियान को सड़क पर गाड़ी खड़ी करने से मना किया। आरोप है कि ने अपने भाई तिलकराज व एक अन्य के साथ मिलकर बेटे को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं, अश्वनी बालियान ने भी बलबीर पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके बेटे की अंगूठी तथा पांच हजार रुपये की नकदी भी गिर गई। इस मामले में मारपीट की एक वीडियो भी प्रकाश में आया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बलबीर सिंह की तहरीर पर भाजपा नेता अश्वनी बालियान, तिलकराज तथा एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।