तल्हेड़ी बुजुर्ग (सहारनपुर)। साखन खुर्द गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कक्षा नौ में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा अंशिका को 16 दिन के भीतर चार बार सांप ने डस लिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से परिवार के लोग दहशत में हैं।
अंशिका के पिता सोनू के मुताबिक पहली घटना 29 अक्तूबर को हुई थी। उस समय अंशिका घर में रोजमर्रा के काम कर रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। परिजन तत्काल उसे सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया। परिवार को लगा कि इलाज के बाद अब सब सामान्य हो जाएगा, लेकिन इसके बाद भी घटनाएं नहीं रुकीं। छह नवंबर को दूसरी, नौ नवंबर को तीसरी और 14 नवंबर को चौथी बार अंशिका को सांप ने डस लिया। हर बार परिजन उसे अस्पताल ले गए और चिकित्सकों की देखरेख में उपचार कराया।
विज्ञापन
अंशिका का कहना है कि हर बार उसे अलग-अलग रंग का सांप दिखाई दिया। सांप के काटने के कुछ देर बाद ही वह नजरों से ओझल हो जाता था। लगातार अलग-अलग दिनों में हुई इन घटनाओं ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी है। घर में बेटी को अकेला छोड़ने तक से परिजन डर रहे हैं।
परिवार ने प्रशासन से घर के आसपास विशेष सफाई अभियान चलवाने की मांग की है, ताकि झाड़ियों और गंदगी में सांपों के छिपने की आशंका को कम किया जा सके। अब परिजन चाहते हैं कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उनकी बेटी की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए।