ट्रेन से फेंका गया युवक मौ अनस
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सद्भावना एक्सप्रेस में जगाधरी से सहारनपुर आते समय एक मोबाइल कारोबारी को कुछ युवकों ने नशीली वस्तु खिलाकर बेसुध करने के बाद ट्रेन से फेंक दिया। घटना मेें बुरी तरह घायल होने के बाद कारोबारी को एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। यहां उसका उपचार चल रहा है।
शहर के पुरानी मंडी क्षेत्र के निवासी 25 वर्षीय अनस की जगाधरी में मोबाइल शॉप है। मो. अनस के मुताबिक वह 5012 सद्भावना एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सवार होकर सहारनपुर की ओर आ रहे थे। मगर रास्ते में ही कुछ युवकों ने उसे नशीली वस्तु खिला दी। वह बेसुध हो गया। इसके बाद रुड़की जाने पर उसे ट्रेन से फेंक दिया गया। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। अनस के अनुसार उसका एक बैग और पर्स भी गायब है। इसमें पांच हजार की नगदी और अन्य सामान था। पीड़ित युवक ने बताया कि इस मामले में उसने रुड़की में रेलवे स्टाफ और जीआरपी को सूचना दी है।