सहारनपुर के बेहट में मजदूरी के लिए जाते समय एक युवती के साथ उसी के गांव के युवक ने रास्ते में छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसका मोबाइल तोड़ दिया। जब युवती ने उसकी शिकायत पुलिस से की तो युवक पक्ष के लोगों ने उसके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में नौ महीने की मासूम बच्ची समेत तीन घायल हुए हैं। बच्ची को गंभीर हालत के चलते सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना रविवार की है। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती सुबह के वक्त मजदूरी के लिए जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में उसी के गांव के एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें की। विरोध करने पर उसने युवती को पीटा और उसका मोबाइल भी तोड़ दिया। युवती घर पहुंची और परिजनों को लेकर कोतवाली बेहट में आरोपी युवक की शिकायत की। इसका पता चलने पर देर रात युवक और उसके परिजनों ने पीड़िता के परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया। इसमें नौ महीने की मासूम बच्ची, 35 वर्षीय महिला और एक युवक घायल हो गए।
सूचना मिलने पर बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां से बच्ची को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि महिला और युवक को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से ही छुट्टी दे दी गई।
यह भी पढ़ें: Meerut Murder: पहले यश का मर्डर, फिर बोरे में बंद कर ठेले पर ले गए थे शव, खौफनाक है हत्या का राज
इंस्पेक्टर बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराने के साथ ही आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया गया। पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।