सहारनपुर। थाना मंडी क्षेत्र में वार्ड 68 के पार्षद इमरान सैफी पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने मारपीट करते हुए फायरिंग की। स्कूटी को तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने हमलावरों से पार्षद को बमुश्किल बचाया। बाद में सभी पार्षद इकट्ठा होकर थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, कुछ दिन पहले हमलावरों की सफाई कर्मियों के बीच झगड़ा हो गया था। बीच-बचाव के लिए पार्षद इमरान सैफी भी पहुंच गए थे। उन्होंने सफाई कर्मियों के साथ मारपीट करने वाले हमलावरों को रोका। इसके चलते बुधवार को वार्ड 68 के पार्षद इमरान सैफी निवासी मोहल्ला आली अपने कार्यालय आदलगढ़ में जा रहे थे। रास्ते में कुछ लोगों ने रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। उनमें से एक व्यक्ति ने तमंचे से फायरिंग भी कर दी। गनीमत यह रही कि पार्षद को गोली नहीं लगी। गोली की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
आसपास के लोगों ने हमलावरों से पार्षद को बचाया। घटना का पता लगने पर थाना मंडी पुलिस भी पहुंच गई, लेकिन तब तक हमलावरों वहां से भाग निकले थे। अन्य पार्षद भी आ गए। सभी पार्षदों ने हमले का विरोध किया। थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पार्षद टिंकू अरोड़ा, फहाद सलीम आदि मौजूद रहे।