सहारनपुर। बोर्ड बैठक को लेकर नगर निगम की अव्यवस्थाओं पर नगर विधायक राजीव गुंबर का गुस्सा फूट फड़ा। बैठक की सूचना नहीं देने को लेकर उन्होंने सदन प्रभारी को खरीखोटी सुनाई, जिसके बाद बैठक का बहिष्कार कर निकल गए। उनके साथ रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम भी बाहर के बाहर चले गए। इसके बाद चली बैठक में महानगर के विकास के लिए तैयार 690.82 करोड़ रुपये के बजट को हरी झंडी दी गई।
बोर्ड बैठक के लिए दो बजे का समय निर्धारित था। ऐसे में सभी पार्षद दो बजे तक जनमंच प्रेक्षागृह पहुंच चुके थे, लेकिन जिम्मेदार लोग ढाई बजे और नगर निगम के कई अधिकारी तीन बजे तक पहुंचे। इसी बीच नगर विधायक राजीव गुंबर करीब पौने तीन बजे बैठक में पहुंचे। उन्होंने बोर्ड बैठक की सूचना नहीं देने पर नाराजगी व्यक्त की।
कहा कि विधायकों को किसी भी बोर्ड बैठक की सूचना नहीं दी जाती है। इस पर उन्होंने सदन प्रभारी/सहायक नगरायुक्त शिवराज सिंह को फटकार लगाई और बैठक छोड़कर चले गए। उनके साथ आए विधायक देवेंद्र निम बिना कुछ बोले साथ चले गए।
इसके बाद लेखाधिकारी मनोज त्रिपाठी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 690 करोड़ 82 लाख 96 हजार रुपये का मूल बजट प्रस्तुत किया। पार्षदों के कुछ सवालों का समाधान करते हुए चर्चा के बाद बजट पास कर दिया गया। महापौर डॉ. अजय कुमार ने निगम की आय बढ़ाने पर जोर देते हुए पार्षदों से अपील की कि वह लोगों को टैक्स जमा कराने के लिए प्रेरित करें। नगरायुक्त संजय चौहान ने प्रति वर्ष कर राजस्व में न्यूनतम 10.31 प्रतिशत की वृद्धि करना आवश्यक बताते हुए कहा कि यदि निगम ऐसा नहीं करता है तो भविष्य में केंद्रीय वित्त आयोग की ग्रांट रुक सकती है।