सहारनपुर। जेवी जैन डिग्री कॉलेज में बीकॉम के छात्र से साइबर ठगों ने 2.80 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने छात्र को साइबर क्राइम थाने से बताकर प्राथमिकी दर्ज में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद उससे क्यूआर कोड भेजकर चार अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराई। देहात कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बेहट सड़क पर न्यू भगवती कॉलोनी निवासी संजय कुमार सैनी ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बेटा जेवी जैन डिग्री कॉलेज में बीकॉम का छात्र है। उसके मोबाइल नंबर पर 17 जनवरी 2026 को अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस विभाग के साइबर क्राइम से बताते हुए कहा कि छात्र ने गलत वेबसाइट खोली है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हो गई। प्राथमिकी से बचने के लिए रुपये ट्रांसफर करने को कहा गया।
ठगों ने वॉट्सऐप पर एक क्यूआर कोड भेजा और छात्र को लगातार डराया गया। डर से छात्र ने अलग-अलग खातों में 2.80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी की रकम मिनी फैशन, केम आसमा, संतोष किराना और आनंद मिश्रा नामक खातों में डलवाई गई। पुलिस का कहना है कि ठगी मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी निरीक्षक संदीप बालियान को नियुक्त किया गया है। खातों की जानकारी खंगाली जा रही है।
माता-पिता के खाते से भी ट्रांसफर की गई रकम
छात्र ने अपने एसबीआई खाते से यूपीआई के जरिए 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसमें 2000, 5000, 2000, 2000, 2000, 1000, 2000 और 34,000 रुपये की विभिन्न ट्रांजेक्शन शामिल हैं। इसके अलावा छात्र ने मां नीलम सैनी के इंडियन ओवरसीज बैंक से 40 हजार, 10 हजार ट्रांसफर किए। पिता के फर्म खाते से भी 1,80,700 रुपये ट्रांसफर किए गए।