खनन से लदे पांच वाहन पकड़े, तीन को छोड़ा
बेहट। अवैध तरीके से खनन सामग्री लेकर जा रहे पांच ट्रकों एसडीएम की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने पकड़ तो लिया। लेकिन आरोप है कि इनमें से तीन ट्रकों को छोड़ दिया गया। इसका पता लगने के बाद एसडीएम ने बाकी दो ट्रकों को उप मंडी स्थल पर खड़ा करा लिया और पुलिस से छोड़े गए ट्रकों के संबंध में रिपोर्ट मांगी। पुलिस का जवाब था कि चालक ट्रकों को लेकर भाग गए। एसडीएम ने पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी है।
बता दें कि कोतवाली बेहट क्षेत्र से अवैध खनिज का परिवहन बड़े पैमाने पर हो रहा है। पुलिस की मिलीभगत से दिन ढलते ही अवैध खनन से भरे वाहन सड़कों पर दौड़ने शुरू हो जाते है। शाम को किसी ने एसडीएम एसएन शर्मा को सूचना दी कि पांच ट्रकों में अवैध रूप से खनिज लाया जा रहा है। उन्होंने ट्रकों को पकड़ने के लिए कोतवाली में फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पांचों ट्रकों को पकड़ लिया। लेकिन आरोप है कि इनमें से तीन ट्रक कुछ देर बाद छोड़ दिए गए। इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम ने बाकी दो ट्रकों को उपमंडी स्थल पर खड़ा करा लिया। इस संबंध में जब एसडीएम द्वारा कोतवाली इंचार्ज से रिपोर्ट मांगी गई तो उन्हें कोई जवाब नहीं दिया। सीओ विजयपाल ने बताया कि जब पुलिस पहुंची थी तो तीन ट्रकों को उनके चालक लेकर भाग निकले थे। वे पूरे प्रकरण की जांच कराएंगे।
उधर, एसडीएम ने बताया कि उपमंडी स्थल पर खड़े कराए ट्रकों की जांच करने पर खनन प्रपत्र (रव्वना) पुरानी तारीख के मिले। उन पर तारीख बदलकर हेराफेरी की गई थी। पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम प्रेषित की गई है, वहीं खनन अधिकारी व एआरटीओ को जांच करने के लिए लिखा गया है।