अनशन पर बैठे दो लोगों की हालत बिगड़ी
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। पिछले तीन दिन से ग्राम जानीपुर में रावण की रिहाई के लिए भूख हड़ताल पर बैठे भीम आर्मी कार्यकर्ताओं में से दो लोगों की हालत बिगड़ गई। उधर, आदर्श ग्राम खुशहालीपुर में भी मंगलवार को भीम आर्मी संस्थापक की रिहाई की मांग को लेकर कुछ दलित युवकों ने एक दिन का शांतिपूर्ण अनशन किया।
पूर्व घोषित के मुताबिक घाड़ क्षेत्र में किसी भी तरह के भारत बंद का कोई असर दिखाई नहीं दिया। रोजमर्रा की तरह बाजार भी खुला और गांवों में लोग अपने घरेलू कार्यों में व्यस्त रहे। लेकिन पिछले तीन दिन से जानीपुर स्थित रविदास मंदिर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे भीम आर्मी के दो सदस्यों पंकज कुमार उर्फ रिन्कु और अंकित की हालत बिगड़ने की सूचना मिली है। इसके बावजूद थाना पुलिस एवं एलआईयू के सुभाष चंद शर्मा के अलावा कोई चिकित्सक अथवा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। आदर्श ग्राम खुशहालीपुर में आज भीम आर्मी संस्थापक की रिहाई की मांग को लेकर कुछ दलित युवको ने एक दिन का अनशन किया। अनशनकारियों ने दो अप्रैल को हुए आंदोलन के दौरान घायल हुए लोगों के उपचार और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। यहां सुखविंद्र भास्कर, अनुराग, अरविंद, लोकेंद्र, कैलाश, राहुल कुमार आदि भूख हड़ताल पर रहे।