सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी के विरोध में प्रदर्शन
बेहट (सहारनपुर)। सड़क निर्माण में धांधली का आरोप लगा ग्रामीणों ने बादशाहीबाग-फैजाबाद सड़क मार्ग का काम रुकवा दिया। आरोप लगाया कि सड़क बनने के साथ ही उखड़ने लगी है। उन्होंने चेताया कि यदि निर्माण में गुणवत्ता युक्त सामग्री इस्तेमाल नहीं की गई तो वे काम नहीं होने देंगे।
थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव बादशाहीबाग व फैजाबाद मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। उन्होंने विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए काम रुकवा दिया। आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री लगा कर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क बनते वक्त ही बजरी उखड़ने लगी है। सड़क किनारे लगाए गए बड़े बड़े पत्थर भी उखड़ने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर ठेकेदार द्वारा आगे से उक्त सड़क को सही तरीके से नहीं बनाया गया तो वे बड़ा प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
इस दौरान हाजी सद्दू, चौधरी सोबान, अश्वनी राणा, मो. मुस्तकीम, चौधरी कलीम, चौधरी दानिश, मो. कुर्बान, चौधरी जहांगीर, मो. इनाम, मो. तस्लीम, वाजिद, अतीक अहमद, मो. जाबिद, मो. तनवीर, मो. इरशाद, मो. फैजान, मो. बिलाल, मो. फरमान, राजकुमार, मो. हम्माद, मो. हमीद, टीएस चौहान आदि ग्रामीण मौजूद रहे।