केमिकल रंगों से बचें, खतरे में पड़ सकती है जिंदगी
सहारनपुर। रंगों का त्योहार होली मनाने के लिए लोग उत्साहित हैं। मगर, केमिकल रंग लोगों की जान के लिए घातक साबित हो सकते हैं। इन रंगों से त्वचा और आंखों को ज्यादा खतरा है। चिकित्सकों की सलाह है कि हर्बल रंगों से होली खेलकर नुकसान से बचा जा सकता है।
होली पर्व को लेकर बाजार में तरह-तरह के केमिकल रंग बिक रहे हैं, जो शरीर के लिए बेहद नुकसान दायक हैं। महिला चिकित्सक डा. नैना मिगलानी बताती हैं कि केमिकल रंगों में नुकसानदायक तत्व होते हैं। इसलिए हर्बल और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करना चाहिए। केमिकल रंगों से आंखों में अंधापन आ सकता है और त्वचा झुलस सकती है। फिजीशियन डा. अंकुर उपाध्याय का कहना है कि केमिकल रंग पूरी तरह नुकसानदायक हैं। त्वचा और आंखों को तो यह रंग नुकसान पहुंचाते ही हैं और अगर शरीर के अंदर चले जाएं तो फेफड़ों और हृदय के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं।
--------------------------------
केमिकल और सिंथेटिक रंगों के नुकसान
सहारनपुर। महिला चिकित्सक डा. नैना मिगलानी ने बताया कि केमिकल और सिंथेटिक हरे रंग में कॉपर सल्फेट होता है, जो आंखों में एलर्जी और अंधापन करता है। काले रंग में लैड होता है, जो गुर्दों को नुकसान पहुंचाता है। लाल रंग में मरक्यूरिक ऑक्साइड और सिल्वर रंग में एल्युमीनियम ब्रोमाइड होता है, जो त्वचा का कैंसर करता है। बैंगनी रंग में क्रोमियम आयोडाइड होता है, जिससे अस्थमा होता है। पीले रंग में ओरमिन और चमकीले रंग में सीसा होता है। इससे स्किन एलर्जी और त्वचा डैमेज होती है।
---------------------------
ऐसे बना सकते हैं प्राकृतिक रंग
सहारनपुर। डा. नैना मिगलानी के मुताबिक लाल रंग चंदन, गुलहड़ से मिलाकर बनाया जा सकता है। हरा रंग मेहंदी, पालक, धनिया, हरी पत्तियां को सूखाने के बाद पीसकर बनाएं। पीला रंग हल्दी, बेसन, और नीला रंग गुलहड़ और जेकरेंडा से मिलाकर बनाएं। इन रंगों की मात्रा बढ़ाने के लिए आटे का प्रयोग करें।
---------------------------
होली पर बरतें यह सावधानियां
-- होली खेलने से पहले चेहरे, हाथों, पैरों पर सरसों, नारियल का तेल या लोशन लगाना चाहिए। इससे रंग उतारने में आसानी होती है।
-- सन स्क्रीन लोशन का इस्तेमाल करना चाहिए।
-- आंखों में रंग जाने पर पानी और गुलाब जल से धोना चाहिए। आंखों को रगड़ना नहीं चाहिए।
-- त्वचा से रंग उतारने से पहले मुल्तानी मिट्टी लगानी चाहिए। गहरे रंग उतारने के लिए एक कप में दही, नींबू और पानी डालकर लगाना चाहिए।
-- रंग उतारने के लिए पेट्रोल, मिट्टी तेल और स्प्रिट का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। यह त्वचा को ड्राइ कर देता है।