सहारनपुर। मेला गुघाल स्थल पर मंगल बाजार शिफ्ट करने के लिए फड़ लगाने वाले धीरे धीरे राजी हो रहे हैं। जनमंच प्रेक्षागृह में लॉटरी के माध्यम से टोकन नंबर दिए जा रहे हैं। कुल 1350 में से अभी तक 850 लोग टोकन नंबर ले चुके हैं।
मंगल बाजार को रायवाला, शहीद गंज, लोहानी सराय, नेहरू मार्केट और जुबली पार्क से हटाकर मेला गुघाल स्थल पर शिफ्ट किया जा रहा है। इसे लेकर संबंधित फड़ स्वामी, मेला गुघाल क्षेत्र के लकड़ी व्यापारी आदि विरोध में उतर आए थे। लेकिन धीरे धीरे फड़ लगाने वाले टोकन नंबर लेने लगे हैं। इससे उनके मेला गुघाल स्थल पर शिफ्ट होने की संभावना बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को महापौर डॉ. अजय कुमार जनमंच प्रेक्षागृह पहुंचे और वहां टोकन नंबर लेने पहुंचे फड़ लगाने वालों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वह किसी के बहकावे में ना आएं। नगर नगम मेला गुघाल स्थल पर तमाम सुविधाएं जल्द मुहैया कराएगा। इस दौरान कर अधीक्षक एवं प्रभारी संपत्ति अधिकारी सुधीर शर्मा और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।