जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 316 पर पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जनपद में शुक्रवार को एयर फोर्स स्टेशन परिसर सरसावा के सात लोगों समेत 82 कोरोना संक्रमित मिले। इनके साथ ही जनपद में कोरोना संक्रमितों की संख्या 316 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग सभी 82 संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच कराने में जुट गया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज, शहर की एक निजी पैथ लैब, मिशन कंपाउंड और चंद्रनगर के पांच-पांच, राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर, न्यू अर्जुन नगर और डिफेंस कॉलोनी के तीन-तीन, शारदानगर, आवास विकास, खलासी लाइन, लक्ष्मीधाम कॉलोनी, रानी बाजार और माधो नगर के दो-दो मरीज शामिल हैं। इनके अतिरिक्त बेहट, तकिया, गलीरा चौक, माधव विहार, पनियाली, नाजिरपुरा, प्रद्युमन नगर, गुरुद्वारा रोड, जैन बाग, परागपुर, खेड़ा मेवात, गिल कॉलोनी, नुमाइश कैंप, नवीन नगर, चंद्र विहार, जेवी जैन इंटर कॉलेज, शिव विहार, हकीकतनगर, सरसावा, मदनपुरी कॉलोनी, पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी, भगवती कॉलोनी आदि में भी संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों में दस साल के तीन बच्चे तथा दो किशोर शामिल हैं। चिकित्सा विभाग संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की कोरोना जांच की तैयारी में जुट गया है।
शहर में अधिक संक्रमण
कोरोना संक्रमण की रफ्तार शहर में अधिक है। जनपद में शुक्रवार को मिले 82 संक्रमितों में 59 संक्रमित अकेले शहर के हैं। देहात में 23 मरीज रहे। अधिकारियों का कहना है कि जांच कराने के मामले में शहरी लोग अधिक जागरूक हैं। यह भी एक वजह है शहर में अधिक संक्रमित मिले हैं।