सहारनपुर। कोर्ट में विचाराधीन मामले मेें धोखाधड़ी से फर्जी कागजात (समझौतानामा) तैयार कर कोर्ट में दाखिल करने के आरोप में डाक्टर दंपति सहित छह लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज कराने वाला डाक्टर का भाई है।
सदर कोतवाली रोड निवासी नरेश सिंघल का कहना है कि उसका और उसके भाइयों का एक व्यक्ति से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था, जो कोर्ट में विचाराधीन था। नरेश सिंघल के भाई सुरेश सिंघल का सदर बाजार के समीप नर्सिंग होम है। आरोप है कि डाक्टर सुरेश सिंघल और उनकी पत्नी सुधा सिंघल के अलावा दूसरे भाई आंबेडकर नगर निवासी सुधीर सिंघल, उसकी पत्नी स्नेहलता एवं सदर कोतवाली के निकट रहने वाले भाई सुभाष और उसकी पत्नी समलेश ने षड्यंत्र के तहत फर्जी समझौतानामा तैयार कर लिया। उस पर पीड़ित नरेश सिंघल तथा उसकी पत्नी अर्चना के हस्ताक्षर कर दिए और कोर्ट में दाखिल कर दिया। नरेश का कहना है कि जब वह पैरवी के लिए कोर्ट गया, तब उसे इस फर्जीवाड़े का पता चला, जबकि उसकी और उसकी पत्नी की तरफ से समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए गए। नरेश सिंघल ने प्रकरण की शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में डाक्टर सुरेश सिंघल का कहना है कि आरोप पूरी तरह से गलत हैं। उनके सगे भाई नरेश सिंघल ने किसी गलतफहमी में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।