सहारनपुर। आम आदमी पार्टी मंगलवार को सहारनपुर से यूपी में लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंकेगी। दिल्ली रोड स्थित सॉलेटियर फार्म में होने वाली जनसभा में आप के सांसद और विधायक सहित कई नेता शामिल होंगे। आप इस जनसभा के माध्यम से किसान मजदूरों से लेकर कर्मचारियों तक को साधने का प्रयास करेगी। यहीं से पदायात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इसमें जनहित के मुद्दों पर खासा फोकस रहेगा।
आम आदमी पार्टी दिल्ली से अब यूपी की ओर मजबूती केे साथ कदम बढ़ाने की तैयारी कर रही है और इसकी शुरुआत सहारनपुर की धरती से करने जा रही है। लोकसभा चुनाव को लेकर मंगलवार को सहारनपुर में आप एक जनसभा करने जा रही है। जिसमें आप के सांसद और विधायक शामिल होने के लिए सहारनपुर पहुंच रहे हैं। जनसभा को लोकसभा सांसद भगवत मान एवं संजय सिंह और दिल्ली के ओखला से विधायक अमानतुल्ला, चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा और महरौली से विधायक नरेश यादव सहित कई महत्वपूर्ण नेता संबोधित करेंगे। पार्टी की योजना गांधी पार्क स्थित गांधी पार्क से नोएडा तक पदयात्रा निकालने की भी है। आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य योगेश दहिया ने बताया कि जनसभा में जनहित के मुद्दों पर विशेष फोकस रहेगा। इसमें वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट की बेंच की स्थापना, शिक्षामित्र, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रसाइयों, आशा और संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग की जाएगी। इसके अलावा पुरानी पेंशन बहाली, वन रैंक वन पेंशन को सही तरीके से लागू करने, स्वामीनाथन आयोग के फार्मूले यानि फसल की लागत का डेढ़ गुना भाव घोषित करने, किसानों का पूरा कर्जा माफ करने, बिजली, खाद पानी आदि लागत को सस्ती करने, बकाया गन्ना मूल्य का तुरंत ब्याज सहित भुगतान कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।
----------------------
-- गांधी प्रतिमा से निकालेंगे पदयात्रा
आप की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य योगेश दहिया ने बताया कि बुधवार को गांधी पार्क स्थित गांधी प्रतिमा से पद यात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा यहां से शुरू होकर नोएडा तक चलेगी। इसके माध्यम से आम आदमी पार्टी जनता के बीच विभिन्न मुद्दों पर फोकस करेगी। साथ ही दिल्ली सरकार द्वारा किए गए जनहित के कार्यों की जानकारी आम जन को देगी। उधर, सिटी मजिस्ट्रेट शेरी ने बताया कि पदयात्रा कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं दी गई है।