गंगोह (सहारनपुर)। अखिल भारतीय महिला कांफ्रेेंस ने सोमवार को होली पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान महिलाओं ने होली के लोकगीत गाए और नृत्य किया। साथ ही त्योहार को मिलजुल कर सौहार्द के साथ मनाने और रासायनिक रंगों के बजाय फूलों और गुलाल से होली खेलने की अपील की गई।
संस्था की सचिव मोनिका गर्ग के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष वीणा गुप्ता ने कहा कि होली प्रेम और भाईचारे का त्योहार है। हमें अपने मन की सभी बुराइयों को होलिका में दहन कर देना चाहिए। तभी पर्व की महत्ता सार्थक हो पाएगी। सचिव मोनिका गर्ग ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से प्राकृतिक रंगों के स्थान पर रासायनिक रंगों का प्रचलन तेजी से बढ़ा है और इसके दुष्परिणाम भी सामने आ रहे है। भांग-ठंडाई की जगह नशेबाजी और लोक संगीत की जगह फिल्मी गानों ने ले ली है। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण के प्रति सचेत रहकर चंदन, गुलाबजल, टेसू के फूलों से बने हुए एवं प्राकृतिक रंगों से होली खेलने की अपील की। इसके उपरांत महिलाओं ने तंबोला, वन मिनट गेम, सरप्राइज गेम सहित अनेक खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया और स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाया। मीनू शर्मा, नेहा, पूनम गोयल, कनिका गोयल, संगीता गोयल, स्नेहा गर्ग, सुधा गोयल, बबीता, नीलम गोयल, निधि गोयल, मीरा गोयल, मान्या गर्ग आदि की मौजूदगी रही।