सहारनपुर। विकास खंडों में सर्व शिक्षा अभियान का पैसा बचा हुआ है, जिसका कोई इस्तेमाल नहीं हो रहा है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तमाम खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर उक्त पैसा सर्व शिक्षा अभियान के खातों में तीन दिन के भीतर जमा कराने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि अन्यथा की स्थिति में सभी अधिकारी प्रतिकूल प्रविष्टि मानें।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार ने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान की सामान्य मद का पैसा विकास खंडों के खातों में बचा हुआ है। इसके अलावा कैपिटल मद (निर्माण) का भी काफी पैसा शेष है। जबकि इस पैसे को खर्च करने की जरूरत है। ऐसे में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को दोनों मदों का पैसा निर्धारित खातों में जमा कराने को कहा गया है। इसके लिए तीन दिन का समय दिया गया है।
----------------------------
शौचालय चालू कराने के निर्देश
सहारनपुर। पंचायती राज/ग्राम्य विकास विभाग द्वारा परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को शौचालय उपलब्ध कराने के लिए पैसा रिलीज किया गया था। जनपद के सैकड़ों विद्यालयों में इसके तहत शौचालय बनाए गए हैं, जबकि अनेक में आधे-अधूरे पड़े हैं। अपर परियोजना निदेशक राजकुमारी वर्मा ने ओवर हेड टैंक बनाकर रनिंग वाटर द्वारा शौचालयों को चालू कराने के निर्देश दिए। साथ ही इसकी रिपोर्ट भी विभाग से मांगी है।
-----------------------------
नेशनल स्कूल सेफ्टी पॉलिसी पर रिपोर्ट मांगी
सहारनपुर। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को प्राकृतिक एवं मानवीय आपदाओं से बचाने के लिए नेशनल स्कूल सेफ्टी पॉलिसी 2016 में लाई गई थी। यह पॉलिसी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय भारत सरकार की थी। पॉलिसी की प्रोग्रेस पर तमाम खंड शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है।