देवबंद (सहारनपुर)। गंगोह मार्ग पर सड़क पर गिरे पेड़ से टकरा कर बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गए। जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों ने वन विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा मुआवजे की मांग को लेकर भायला गांव में जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर जाम खुलवाया।
भायला गांव निवासी महेंद्र शर्मा रविवार की रात्रि नानौता क्षेत्र के गुडंब गांव निवासी दोस्त राजेंद्र के पास किसी काम से गया हुआ था। रात्रि करीब 10 बजे राजेंद्र बाइक पर महेंद्र को छोड़ने के लिए भायला गांव आ रहा था। जब वह नागदेवता मंदिर के समीप पहुंचे तो सड़क पर पहले से टूटा पड़ा पेड़ दिखाई नहीं दिया और तेज गति बाइक उससे टकरा गई। जिसमें दोनों लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जब हादसे की जानकारी परिजनों को हुई तो वह मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान सूचना मिलने पर पुलिस भी सीएचसी में पहुंच गई। राजेंद्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि महेंद्र शर्मा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर सहारनपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में महेंद्र की भी मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार की सुबह भायला गांव में जाम लगा दिया। लोगों का आरोप है कि हादसा वन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही की वजह से हुआ। साथ ही उन्होंने मृतक परिजनों को मुआवजा देने तथा वन विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान वहां पहुंचे कोतवाल पंकज कुमार त्यागी ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।