नानौता (सहारनपुर)। ओलरा गांव में खेत के बीच से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के तार की चपेट में आकर एक किसान की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर नीचे लटके तारों को ठीक नहीं करने और लापरवाही का आरोप लगाते हुए मौके पर पहुंची पुलिस को शव नहीं उठाने दिया।
क्षेत्र के ग्राम ओलरा में सोमवार की शाम करीब 5:45 बजे गांव निवासी कंवरपाल कश्यप (50 वर्ष) पुत्र चमेला चौधरी महीपाल सिंह के खेत गुजर रहा था। तभी वह खेत के बीच से होकर गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन के तार की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। लटके तारों को उसकी मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए ग्रामीणों ने विद्युत निगम के अफसरों के खिलाफ हंगामा किया। ग्रामीणों का कहना है कि खेत के बीच से गुजर ही हाईटेंशन लाइन के तार काफी नीचे तक लटके हुए हैं। इस बारे में निगम को अनेक बार अवगत कराया गया, लेकिन तारों को ठीक नहीं किया गया। अधिकारियों की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। इस बीच सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण इस बात पर अड़ गए कि विद्युत निगम के उच्चाधिकारियों के आने के बाद ही शव को उठाने दिया जाएगा। उनकी लापरवाही की वजह से ही कंवरपाल की मौत हुई है। देर शाम तक ग्रामीण शव को खेत में ही रखकर अपनी बात पर अड़े थे। मौके पर पुलिस मौजूद थी।