सहारनपुर। पत्रकार गौरी लंकेश के हत्यारों की गिरफ्तारी और उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर पत्रकारों ने सोमवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नाम ज्ञापन डीएम पीके पांडे को सौंपा। उन्होंने कहा कि इस नृशंस हत्या से पूरे देश के पत्रकारों में भारी रोष है।
जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार गौरी लंकेश करीब ढाई दशक से निष्पक्ष लेखनी के माध्यम से निर्भीक पत्रकारिता कर रहीं थी। उनकी हत्या से पूरे देश के पत्रकारों में दुख और आक्रोश की भावना व्याप्त है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर लगातार हमले हो रहे हैं, उससे देश के पत्रकार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कई पत्रकारों को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतरा गया, क्योंकि वे भ्रष्टाचार का पर्दाफाश कर रहे थे। पत्रकारों ने गौरी लंकेश के हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने और उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिलाने की मांग की। इस दौरान विनोद बागला, जेएम गांधी, अबुबकर शिबली, अशोक शर्मा, इंतखाब आजाद, अंकुर सैनी, कमर काजमी, रवि बख्शी, रमेशचंद छबीला आदि रहे।