सहारनपुर। जिले की 78 हजार निराश्रित महिला पेंशन लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है। सरकार आगामी वित्त वर्ष से पेंशन को एक हजार से बढ़ाकर 1500 रुपये कर सकती है। इससे जिले की लाभार्थी महिलाओं को करीब चार करोड़ रुपये की अधिक की सहायता राशि प्राप्त होगी।
विधानसभा में सरकार ने इस ओर संकेत किया है, साथ ही बजट में महिला लाभार्थी संबंधी योजनाओं का बजट बढ़ाया है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही सरकार इसकी घोषणा कर सकती है। लाभार्थियों की पेंशन वृद्धि का वादा भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में भी किया था। जिले में निराश्रित महिला पेंशन लाभार्थियों की संख्या 78,350 है। इन्हें दूसरी और तीसरी किस्त का भुगतान हुआ है। फिलहाल तक सरकार निराश्रित महिला पेंशन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये की पेंशन देती है। हर तिमाही भुगतान होता है। शासन ने किस्त के रूप में करीब 24 करोड़ रुपये राशि जारी की थी।
योजना की पारदर्शिता के लिए सीधे महिलाओं के खाते में राशि भेजी जाती है। फरवरी के अंत तक सरकार एक और किस्त भेज सकती है। शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। पात्र महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। योजना के तहत आवेदक महिला उत्तर प्रदेश की स्थाई निवासी हो। उसकी या परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक न हो। आवेदक के पति की मृत्यु समेत अन्य पात्रताएं भी हैं।