सहारनपुर। अमर उजाला के हैलो डॉक्टर कार्यक्रम में एसबीडी जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज चतुर्वेदी ने कहा कि उम्र के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ती हैं। घुटनों व कमर दर्द की आम समस्या है। शरीर में कैल्शियम की कमी से जोड़ों के दर्द की समस्या रहती है। ऐसे में मजबूत हड्डियों के लिए कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थ लेने के साथ सुबह-शाम व्यायाम करें। बताया कि बदलती जीवनशैली और खानपान की गलत आदतों से शरीर को पोषक तत्व नहीं मिल पा रहे। नस, हड्डी और जोड़ों संबंधी बीमारियों की चिकित्सा में फिजियोथेरेपी की भूमिका अब बढ़ गई है। फिजियोथेरेपी से बिना किसी साइड इफेक्ट के जोड़ों के दर्द से छुटकारा पाया जा सकता है। उन्होंने शनिवार को अमर उजाला कार्यालय में पाठकों के सवालों के जवाब दिए और जिज्ञासाओं को शांत किया है। पेश है प्रमुख अंश...।
सवाल : काफी समय से सर्वाइकल की परेशानी है। (यशपाल सिंह, बड़गांव)
जवाब : मोबाइल-लैपटॉप देखना कम करें। पतले तकिये का इस्तेमाल करें। इसके बाद भी आराम नहीं मिल रहा है तो जिला अस्पताल के कक्ष नंबर 17 में दिखाएं।
सवाल : पैरों में घुटनों से नीचे सूजन रहती है। (प्रमोद गोयल, मोरगंज)
जवाब : 10 से 12 दिन का सिकाई करें। इससे काफी हद तक राहत मिलेगी। फिर भी आराम नहीं मिले तो जिला अस्पताल में दिखा सकते हैं।
सवाल : दो साल से गर्दन में दर्द रहता है। एमआरआई भी कराई। (वैभव माहेश्वरी, माधोनगर)
जवाब : सभी जांच रिपोर्ट देखनी पड़ेगी। इसके लिए जिला अस्पताल के कक्ष नंबर 17 में आए। फिजियोथेरेपी भी करानी पड़ेगी।
सवाल : शरीर में दर्द रहता है। (पंकज, शिमलाना)
जवाब : सबसे पहले चिकनाई बंद कर दें। सुबह-शाम व्यायाम करें। कैल्शियम की टैबलेट ले सकते हैं। समय-समय पर जांच कराएं।
सवाल : पिछले काफी समय से घुटनों में दर्द की समस्या है। (सुनीता रानी, गोविंद विहार)
जवाब : झुककर काम करना बंद कर दें। फिजियोथेरेपी कराइए। इसके बाद भी आराम नहीं आता है तो जिला अस्पताल में दिखा सकती हैं।
सवाल : कमर और पैर में घुटनों से नीचे दर्द रहता है। (दयाचंद, छुटमलपुर)
जवाब : उकड़ू और पैर बंद कर नहीं बैठना है। सुबह-शाम व्यायाम करें। झुककर भी काम करने से बचें। स्वस्थ रहेंगे।
सवाल : कमर में दर्द की समस्या रहती है। (मोहित, शिमलाना)
जवाब : पतले तकिये का इस्तेमाल करें। फिजियोथैरेपी कराएं। आराम नहीं मिलने पर जिला अस्पताल के कक्ष नंबर 17 में दिखाएं।
सवाल : दो साल से घुटनों में दर्द है। डॉक्टर को भी दिखा चुके हैं। (नरेश कुमार, घंटाघर कोर्ट रोड)
जवाब : सबसे पहले उकड़ू और पैर बंद करना है। घर में सीढि़यां कम चढ़ें। व्यायाम करें। इससे काफी हद तक राहत मिलेगी।
सवाल : मेरी उम्र 65 साल है और पिछले काफी समय से जोड़ों व कमर में दर्द रहता है। (ताहिरा, लक्खी गेट)
जवाब : यह कैल्शियम की कमी की वजह से है। कैल्शियम की दवा लें। अरबी, भिंडी, उड़द दाल का सेवन न करें। हरी सब्जी खाएं।
सवाल : दाएं कंधे में दर्द रहता है। (जबर सिंह, रामपुर मनिहारान)
जवाब : कंधे की एक्सरसाइज करनी पड़ेगी। इसके बाद भी आराम नहीं आने पर जिला अस्पताल आ सकते हैं। एक्सरे कराने के ही पता चलेगा।
सवाल : मेरे बेटे की पत्नी को कंधे में चोट लग गई थी, तभी से हाथ में दर्द रहता है। (विकास गुप्ता, छुटमलपुर)
जवाब : दर्द निवारक दवा और जैल लगा सकते हैं। पांच दिन तक इस्तेमाल करें। इससे काफी राहत मिलेगी। इसके बाद जिला अस्पताल में दिखा सकते हैं।
सवाल : कमर में दर्द की समस्या रहती है। (विकास, शिमलाना)
जवाब : बाइक न चलाएं और न ही ई-रिक्शा में बैठकर सफर करें। लगातार काम करने से बचें। बीच-बीच में टहल लें। आराम मिलेगा।
सवाल : पैर का ऑपरेशन हुआ था। अभी भी दर्द की शिकायत है। (ब्रजमोहन, आवास विकास)
जवाब : दर्द में नी कैप लगा सकते हैं। इसके अलावा कुछ टैबलेट भी आती है, जो ले सकते हैं। इसके लिए एक बार जिला अस्पताल में दिखाना पड़ेगा।
सवाल : रात में सोते समय करवट लेने पर दर्द रहता है। (मेघराज, महेशपुर)
जवाब : सुबह-शाम व्यायाम करें। बेड पर लेटने से बचें। इससे काफी राहत मिलेगी।