सहारनपुर। महानगर में प्रभु श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। घंटाघर पर क्रेन से प्रभु जी को 56 भोग अर्पित किए गए। रथयात्रा में झांकियां आकर्षण केंद्र रही। भजनों पर श्रद्धालु झूमते हुए नजर आए।
बुधवार की दोपहर दो बजे अग्रवाल धर्मशाला से श्री जगन्नाथ रथयात्रा समिति के तत्वावधान में प्रभु श्री जगन्नाथ, भगवान बलदेव और सुभद्रा की रथयात्रा का शुभारंभ किया गया। इससे पूर्व प्रभु को 56 भोग अर्पित कर महा आरती उतारकर भंडारे का आयोजन किया। श्रद्धालु अपने घरों से हांडियों में 56 भोग बनाकर लाए। यात्रा का उद्घाटन आप नेता योगेश दहिया, कुलदीप धमीजा, प्रदीप धमीजा, राजीव शर्मा, मोहित जैन ने किया। यात्रा भगत सिंह चौक, मोरगंज बाजार, शहीदगंज बाजार, चौकी सराय, नेहरू मार्केट होते हुए घंटाघर पहुंची, जहां मुकेश सेठी और उनके परिवार के सदस्यों ने क्रेन के जरिए प्रभु को 56 भोग अर्पित किए। इसके पश्चात यात्रा कोर्ट रोड, दीवानी कचहरी होते हुए आयकर विभाग कार्यालय के पास पहुंची, जहां तीरथदास मेहता और उनके परिवार के लोगों ने महा आरती की। इसके पश्चात यात्रा दिल्ली रोड होते हुए आवास-विकास स्थित हरि मंदिर में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मेें विभिन्न देवी-देवताओं और देशभक्ति से संबंधित झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। इस्कॉन के सदस्य और विदेशी नागरिक प्रभु के भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे और श्रद्धालु रस्से से भगवान जगन्नाथ का रथ खींच रहे थे। पूरा इलाके में प्रभु के जयकारे गूंजते रहे।
इस दौरान समिति के चेयरमैन भारत कर्णवाल, अध्यक्ष संजय कर्णवाल, कोषाध्यक्ष रम्मी धवन, महामंत्री संजीव शर्मा, मंत्री संजीव कर्णवाल, ललित पोपली, शेख कर्णवाल, यात्रा संचालक प्रवेश धवन, विनीत कर्णवाल, संजय वालिया, हरिओम प्रकाश आहलुवालिया, रामभक्त वालिया, विराट कर्णवाल, धीरज वालिया, वीर वालिया, अर्जुुन कर्णवाल, बंटी सिधाना, शुभ सिधाना, बिट्टू बजाज, नानू सिधाना, मोनू कपूर, कृष्ण लाल, सोनू अरोड़ा, राजीव आनंद, रविराज मौजूूद रहे।