सरसावा (सहारनपुर)। पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल कालेज के ब्वॉयज हास्टल में सोमवार की रात में एमबीबीएस के जूनियर छात्रों के साथ सीनियर छात्रों ने रैंगिंग की। आरोप है कि जूनियर छात्रों को मुर्गा बनाया गया। अश्लील गाने, अश्लील चुटकुले सुनाने एवं अश्लील भाव भंगिमाएं बनाने को कहा गया। विरोध करने पर एक दर्जन से अधिक छात्रों के सिर के बाल आड़े तिरछे काट दिए गए। पीड़ित कुछ छात्रों ने मामले की शिकायत प्राचार्य से की तो मेडिकल कालेज में हड़कंप मच गया। रात में ही एंटी रैगिंग कमेटी की मीटिंग बुलाई गई। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने शिकायत करने के कारण कुछ जूनियर छात्रों की पिटाई भी की।
अंबाला रोड पर सरसावा थाना क्षेत्र में के पिलखनी स्थित शेखुलहिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में सोमवार रात एमबीबीएस के सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग की गई। आरोप है कि कि रात लगभग दस बजे एमबीबीएस 2016 तथा 2017 बैच के छात्र ब्वॉयज हास्टल पहुंचे। उन्होंने 2018 बैच के करीब 50 छात्रों के साथ रैगिंग की। रैगिंग का पता कॉलेज प्रशासन को तब चला जब कुछ जूनियर छात्रों ने रात में कॉलेज के प्राचार्य को लिखित शिकायत की। जिसमें छात्रों ने लिखा की उसने साथ लगातार रैगिंग की जा रही है, लेकिन सोमवार रात हद हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मुर्गा बनाया गया, उठक बैठक लगवाई गई, महिलाओं के अन्त:वस्त्र पहनाए गए तथा अश्लील गीत, चुटकुले, चित्र एवं भाव भंगिमाएं बनाने को कहा गया। विरोध करने पर मारपीट कर करीब दर्जनभर छात्रों के बाल ट्रीमर से आड़े-तिरछे काट दिए गए।
रैगिंग की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन सकते आ गया तथा रात में ही एंटी रैगिंग कमेटी की मीटिंग बुला ली गई और मामले की जांच कराई गई। आरोप है कि सीनियर छात्रों को शिकायत का पता चला तो कुछ छात्रों की पिटाई भी की गई। कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि कुछ छात्रों ने रैगिंग की शिकायत की है। आरोपी छात्रों की पहचान कर ली गई है। आरोपी छात्र 2016 तथा 2017 बैच के एमबीबीएस के छात्र हैं। उन्होंने एंटी रैगिंग टीम के चीफ डॉक्टर मनोज सिंह से बात की है। इस संबंध में बैठक कर दोषी छात्रों पर निर्णय लिया जाएगा।