ठोकरपुर में कब्जामुक्त कराई शमशान की भूमि पर फिर किया कब्जा
देवबंद (सहारनपुर) ठोकरपुर गांव में प्रशासन द्वारा कब्जामुक्त कराए गए शमशान की भूमि पर दबंगों द्वारा फिर से कब्जा किए जाने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीण तिलकराम, ओमपाल, विनोद, ब्रिजेश, राहुल, रजनीश, अंकित कुमार, गोपाल सिंह, रामदास आदि ने बताया कि शमशान की भूमि 62/0.20 हेक्टेयर पर दबंग लोगों ने कब्जा कर रखा है। कहा कि दो बार प्रशासन के अधिकारी शमशान की भूमि को कब्जा मुक्त करा चुके हैं। लेकिन दबंग कुछ दिन बाद फिर से उस पर कब्जा कर लेते हैं। जिस कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर उसका अंतिम संस्कार परिजनों को अपने खेतों पर या फिर सड़क किनारे करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को ज्ञान सिंह नामक व्यक्ति की मृत्यु होने पर परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार अपने खेतों पर ही किया। शमशान की भूमि पर तीसरी बार कब्जा होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से उक्त भूमि को कब्जामुक्त कराने के बाद उसकी चारदीवारी कराकर दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।