सहारनपुर। रालोद के जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम ने डीएम पीके पांडे को ज्ञापन सौंपकर अवैध खनन रोकने के नाम पर निर्दोष लोगों का उत्पीड़न रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि रालोद अवैध खनन रोकने के पक्ष में है, लेकिन इसके नाम पर निर्दोष लोगों का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।
बृहस्पतिवार को डीएम को दिए ज्ञापन में रालोद जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मिर्जापुर थाने में पुलिस की मिलीभगत से निरंतर अवैध खनन हो रहा है। लेकिन जब अवैध खनन की सूचना बाहर चर्चा का विषय बन जाती है तो थाना पुलिस अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर निर्दोष लोगों का उत्पीड़न करना शुरू कर देती है। आरोप लगाया कि नाम निकालने के नाम पर उनका शोषण किया जाता है। उन्होंने कहा कि अभी 12 नवंबर को ही मिर्जापुर थाने में अवैध खनन का एक मुकदमा 19 लोगों के विरुद्ध पंजीकृत कराया गया है। उन्होंने इसमें जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की।