सहारनपुर। मोहल्ला शारदानगर में संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, अलग-अलग मामलों में झुलसने पर तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मोहल्ला शारदानगर में सोमवार की दोपहर 58 वर्षीय एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग उसके घर की तरफ दौड़ पड़े। बताया जाता कि परिजन महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर थाना कुतुबशेर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। थाना कुतुबशेर इंस्पेक्टर अभिषेक ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में जलने पर महिला की मौत हुई है। मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर में रसोई में काम करते समय गैस चूल्हे से आग लगने की वजह से महिला की जलने से जान गई है। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है। उधर, गंगोह रोड निवासी 18 वर्षीय विकास को गैस चूल्हे पर काम करते समय झुलसने पर परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। इसके चकरहेटी निवासी रामकुमार और रामनगर निवासी सतीश कुमार को संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने चिकित्सकों को बताया कि दोनों करंट लगने से झुलसे हैं। जिला अस्पताल की इमरजेंसी की ओर से संबंधित थाना पुलिस को सूचना दे दी गई है।