छुटमलपुर(सहारनपुर)। भीम आर्मी मुखिया चंद्रशेखर से मंगलवार को आल इंडिया मोमिन कान्फ्रेंस के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर महागठबंधन को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की।
जेल से रिहा होने के बाद से ही चंद्रशेखर से मिलने वालों का तांता लगा रहा। मंगलवार को सुबह 11 बजे आल इंडिया मोमिन कान्फ्रेंस के पश्चिमी यूपी प्रभारी अरशद अंसारी, जिला अध्यक्ष जुबैर अंसारी, सहारनपुर देहात विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष शहजाद अंसारी, पूर्व प्रधान शमीम अंसारी, अंबेहटा पीर नगर पंचायत के सभासद शमीम अहमद ने अपने बीस से ज्यादा साथियों के साथ चंद्रशेखर से भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल के नेताओं ने कहा कि दलित मुस्लिम गठजोड़ ही भाजपा का सफाया कर सकता है। भाजपा की सरकारों में सबसे ज्यादा उत्पीड़न भी इन्हीं वर्गों का हो रहा है। चंद्रशेखर ने भी इस पर सहमति जताते हुए गांवों का दौरा कर शोषित और वंचितों की लड़ाई में दलितों और मुस्लिमों को लामबंद करने की जरूरत पर बल दिया। इसके बाद बेहट नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन शाह महमूद हसन ने भी चंद्रशेखर से मिल कर आगामी लोकसभा चुनाव के मुद्दे पर मंथन किया। इससे पूर्व सोमवार की देर रात सहारनपुर दंगों के आरोपी मुहर्रम अली पप्पू ने भी चंद्रशेखर से बंद कमरे में मुलाकात की। ा
---------------------------------------
आगंतुक रजिस्टर बना
छुटमलपुर। चंद्रशेखर के घर एक आगंतुक रजिस्टर बनाया गया है। जिसमें एक कार्यकर्ता आने वाले की एंट्री करने के साथ ही मोबाइल जमा करके उसके नाम की पर्ची बना कर चंद्रशेखर तक पहुंचा रहा है। इसके बाद चंद्रशेखर उनसे मुलाकात का समय दे रहे हैं। मिलने के दौरान भी गेट पर एक आदमी तैनात किया गया है तो बंद कमरे में मुलाकात करा रहा है। अब भीड़ की बजाए चुनिंदा लोगों को ही मिलने दिया जा रहा है। मीडिया से मिलने के लिए चंद्रशेखर ने सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक का समय निर्धारित किया है।