सहारनपुर। पुलिस चौकी के सामने हुई फायरिंग में घायल बजरंग दल कार्यकर्ताओं के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठनों ने बृहस्पतिवार को अस्पताल में हंगामा किया। सीएमओ का घेराव कर चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की। सीएमओ के आश्वासन पर कार्यकर्ता शांत हुए।
छात्रों के दो गुटों में हुई मारपीट के मामले में कुछ युवकों ने लेबर कॉलोनी पुलिस चौकी के सामने मंगलवार रात फायरिंग कर दी थी, जिसमें बजरंग दल के तीन कार्यकर्ता घायल हो गए थे। जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बृहस्पतिवार को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर सीएमओ का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इलाज करने के बजाए घायलों को छुट्टी दे दी गई। सीएमओ ने घायलों को भर्ती रखने और बेहतर इलाज दिए जाने का आश्वासन दिया। इस पर कार्यकर्ता शांत हुए। साथ ही चेतावनी दी कि पुलिस ने हमलारोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की तो महापंचायत की जाएगी। इसके साथ मिर्जापुर स्थित एक यूनिवर्सिटी के प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। कान्हा राणा, विकास चौधरी, अंकित, रजनी राणा, पूजा शर्मा, सुबोध शर्मा, ब्रिज राणा, रजनी राणा, विकास चौधरी, साहिल मेहरा, कमल प्रधान, सचिन राणा, रजवीर सिंह, कुलदीप राणा, गौरव वर्मा, रोशनी सैनी मौजूद रहे।
सांसद और विधायक ने जाना हाल
सहारनपुर। सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। सांसद ने अस्पताल स्टाफ से इलाज में हर संभव सहयोग करने की बात की। हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी सांसद ने पुलिस अधिकारियों से फोन पर बात की। सांसद ने घायलों को आश्वासन देते हुए कहा कि गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। देवबंद विधायक ब्रिजेश सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।