बेहट (सहारनपुर)। विकास नगर से सवारियां लेकर सहारनपुर के लिए चली यात्री बस दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर कलसिया के पास मसखरा नदी के पुल से पहले घूम पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली पुलिस, 100 नंबर डायल पुलिस एवं 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और राहगीरों की मद्द से बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसमें 20-25 यात्रियों को चोटें आई।
हादसा चार बजे के लगभग हुआ। सहारनपुर-विकासनगर रूट की प्राईवेट बस संख्या-एचपी 18/3590 विकासनगर से सवारियां लेकर सहारनपुर जा रही थी। हाईवे पर बेहट और कलसिया के बीच मसखरा नदी के पुल के पास घूम पर गति तेज होने के कारण चालक बस के ऊपर से अचानक अपना नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित बस हाईवे से नीचे उतरने के बाद खाई में पलट गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मद्द से सवारियों को बस से बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी यात्री की जान नहीं गई। सभी को मामूली चोटें आई। एक बुजुर्ग महिला बख्तावरी (75) गंभीर घायल हुई है। उसे पुलिस ने एंबुलेंस से बेहट सीएचसी में भर्ती कराया, जबकि बाकी यात्री दूसरे वाहनों में सवार होकर चले गए। घायलों में संजीदा पत्नी साबिर, साबिर, शाकिर पुत्र साबिर निवासी खाताखेड़ी सहारनपुर, सुमैय्या, मोहसिन, मेहरान पुत्र शहजाद, शोयब पुत्र समून निवासी मिर्जापुर पोल, अंकित शुक्ला निवासी कानपुर, शमशाद पुत्र इरशाद, शहजाद पुत्र सईद अहमद, रईस पुत्र हनीफ निवासी मिर्जापुर आदि है।