अपराधियों पर शिकंजा कसने में पुलिस की मदद करें
बेहट (सहारनपुर)। बेहट कोतवाली में रविवार को शांति समिति की बैठक बुलाई गई, जिसमें जन्माष्टमी एवं स्वतंत्रता दिवस के पर्व पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील के साथ ही अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने में पुलिस प्रशासन का सहयोग के लिए प्रभारी निरीक्षक ने ग्राम प्रधानों और जिम्मेदार लोगों से वार्ता की।
बैठक में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश गिरि ने कहा कि हिंदू और मुस्लिम एक दूसरे की धार्मिक भावनाओं का आदर करें। एक दूसरे के त्योहारों में शामिल होकर भाईचारे की भावना को मजबूत करने का काम करें। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर भी असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी भी मामले की तुरंत सूचना दिए जाने के लिए कहा। उन्होंने यह भी अपील की कि अपराधियों पर नजर रखें और यदि उनकी कोई भी गतिविधि दिखाई दें, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। बैठक में गन्ना विकास समिति के चेयरमैन सुधीर राणा, सुनील राणा, महेंद्र सिंह चौहान, भोपाल सिंह, ग्राम प्रधान प्रदीप गुप्ता, सुभाष चौधरी, ग्राम प्रधान रणबीर सिंह, मोहम्मद अहमद काजमी, फजलूर्रहमान, सुभाष सैनी, पीरू मियां, मुकेश राणा, बसपा नेता बबलू कुमार, संजीव उर्फ बोबी कर्णवाल आदि की मौजूदगी रही।