एक्सक्लूसिव -
- धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ रहे वाहन, कार्रवाई की तैयारी, नोटिस जारी
- 2200 ट्रक, 600 प्राइवेट बस, एक हजार मोटर, मैक्सी कैब व अन्य व्यावसायिक वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में 5969 वाहन मालिक संभागीय परिवहन विभाग का 47.22 करोड़ टैक्स डकार गए। बार-बार चेतावनी के बाद भी टैक्स जमा नहीं कराया जा रहा। जांच में आया है कि ये सभी वाहन सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। अब इन पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। सड़कों पर यह वाहन मिले तो इन्हें जब्त कर लिया जाएगा।
संभागीय परिवहन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में 14 हजार से अधिक व्यावसायिक वाहन हैं। इनमें से 5969 वाहन ऐसे हैं, जो विभाग के 47.22 करोड़ रुपये का रोड टैक्स दबाए बैठे हैं। यह हाल तब है जब मुख्यालय की ओर से कई बार एकमुश्त समाधान योजना चलाई जा चुकी है। इसके बावजूद वाहन मालिक रोड टैक्स जमा करने में कोई रुचि नहीं दिखा रहे हैं।
अब संभागीय परिवहन विभाग ने बिना रोड टैक्स के दौड़ने वाले व्यावसायिक वाहन मालिकों के प्रति सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग प्रतिदिन 700 से 800 नोटिस प्रिंट कर वाहन मालिकों को डाक के जरिए भेज रहा है। 10 जुलाई के बाद वाहन मालिकों को कोई राहत नहीं मिलेगी। इन वाहनों की सूची पुलिस के पास भी भेज दी जाएगी। इसके बाद वाहन को जब्त कर लिया जाएगा।
फिटनेस पर भी लगी रोक
इन वाहनों पर हर तरफ से शिकंजा कसा जा रहा है। रोड टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन कहीं पर भी फिटनेस नहीं करा सकेंगे। पकड़े जाने पर वाहन जब्त होगा और फिटनेस नहीं मिलने पर उसका जुर्माना अलग से भरना होगा।
फैक्ट फाइल
ट्रक - 2200
प्राइवेट बस - 600
मोटर कैब मैक्सी कैब - 1000
जेसीबी - 600
अन्य - 1569
वर्जन
टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन मालिकों को 10 जुलाई तक का अंतिम मौका दिया गया है। इसके बाद कोई राहत नहीं मिलेगी। - मानवेंद्र प्रताप सिंह, एआरटीओ प्रशासन