सरसावा (सहारनपुर)। आंबेडकर कमेटी द्वारा भारत रत्न डाक्टर भीमराव आंबेडकर का जन्मदिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर शोभायात्रा का आयोजन किया गया। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
रविवार को नकुड़ रोड स्थित रविदास मंदिर में संविधान निर्माता बाबा साहब डाक्टर भीमराव आंबेडकर के जीवन पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें पूर्व पालिका उपाध्यक्ष बाबूराम ने कहा कि डाक्टर भीमराव ने देश विदेश में शिक्षा ग्रहण की तथा परतंत्र भारत में अंग्रेजी हुकूमत का जमकर विरोध करते हुए भारत के नागरिकों को उनके अधिकारों से परिचित कराया। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में बाबा साहब के अहम योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। पूर्व सभासद रमेश पंकज ने कहा कि स्वतंत्र भारत में संविधान निर्माण कर लागू करने में उनका अभूतपूर्व योगदान दिया है। इससे पूर्व मुख्य अतिथि ताराचंद मोगा ने डाक्टर आंबेडकर के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर नागरिक सुरक्षा कोर के वरिष्ठ वार्डन अवतार सिंह, नरेश चंद जैन, देशबंधु शर्मा, दिनेश गुप्ता ने विचार रखे। इसके बाद आंबेडकर समिति के तत्वाधान में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नकुड़ रोड से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए देर शाम रविदास मंदिर पर आकर संपन्न हो गई। शोभायात्रा में बैंड बाजो के साथ डाक्टर आंबेडकर के जीवन पर आधारित अनेक झांकियां शामिल रहीं। लोगों ने झंडा चौक पर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस मौके पर सभासद चरण सिंह, रिशीपाल, रविदास मंदिर कमेटी के प्रधान मेघराज, शिव कुमार प्रधान, मुकेश सहगल, सतीश चोपड़ा, पे्रम खन्ना, रामकुमार, कर्मवीर, बिरमपाल, हिमांशु आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे। शोभायात्रा में व्यवस्था बनाने में पुलिस के साथ अवतार सिंह के नेतृत्व में नागरिक सुरक्षा कोर के वार्डनों की पूरी टीम तैनात रही।