किसानों ने बीडीओ और एसडीओ को धरने पर बैठाया
रामपुर मनिहारान। शौचालयों के निर्माण में धांधली की जांच के साथ ही अन्य मांगों के लिए भाकियू के तहसील अध्यक्ष चौधरी जगपाल के नेतृत्व में किसानों ने खंड विकास कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान अपनी मांगों को पूरा कराने लेकर किसानों ने खंड विकास अधिकारी और सिंचाई विभाग के एसडीओ को अपने बीच बैठाए रखा।
भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा बृहस्पतिवार को धरने के दौरान खंड विकास अधिकारी शौकत अली और एसडीओ सुंदर लाल को अपने बीच में बैठा लिया गया। करीब आधा घंटा तक दोनों अधिकारियों को किसानों के बीच ही बैठना पड़ा। इस दौरान भाकियू के तहसील अध्यक्ष चौधरी जगपाल ने कहा कि ब्लाक कार्यालय में भ्रष्टाचार पर अंकुश लागया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवों द्वारा शौचालय निर्माण में की जा रही हेराफेरी की जांच कराकर दोषी सचिव के खिलाफ कार्यवाही की जाए। किसानों ने कहा कि पावर कार्पोरेशन अधिकारियों के द्वारा विद्युत चैकिंग के नाम पर किसानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। रेहडी रजवाहे की पटरी पर गोचर महाविद्यालय के पास चल रहे निर्माण कार्य पर उन्होंने कहा कि पटरी को दो फुट ऊपर उठाया जाए जिससे जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। शहरी पुल से शुरू हुए बाईपास मार्ग पर अतिक्रमण को हटाया जाए। इस व्यस्तम मार्ग पर अतिक्रमणकारियों ने पूरा कब्जा जमा रखा है। दोनो अधिकारियों ने अपने विभाग से जुडी समस्याओं के जल्द ही निराकरण का भरोसा दिलाया जिसके बाद किसानों ने उन्हें जाने दिया गया। बाद में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम रामपुर मनिहारान संगीता गौतम को अपना ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में चौधरी जगपाल, प्रदीप, सेवा राम, तरशपाल, महिपाल, सुरेश कुमार आदि रहे।