दया शुगर मिल का ताला खुला, इसी सत्र में चलने की उम्मीद
सहारनपुर। वर्ष 2010-11 से बंद गागलहेड़ी स्थित दया शुगर मिल पर लगा प्रशासन का ताला बृहस्पतिवार को खोल दिया गया। मिल प्रबंधन की ओर से बैंक गारंटी सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं। इससे मिल के आगामी सत्र में चलने की पूरी उम्मीद है।
बकाया भुगतान नहीं करने आदि को लेकर प्रशासन द्वारा दया शुगर मिल पर लगाया गया ताला बृहस्पतिवार को खोल दिया गया। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि मिल ने तमाम चीजों को लेकर बैंक गारंटी दे दी है और सारी औपचारिकताओं को पूरा कर दिया है। मिल का ताला खोलने की प्रक्रिया कई दिनों से चल रही थी। बृहस्पतिवार को मिल के मालिक सत्येंद्र प्रकाश ने बैंक गारंटी सौंप दी। जिस पर मिल गेट पर लगे प्रशासन के ताले को तहसीलदार सदर सुधीर कुमार ने खोल दिया है। मिल के मालिकों ने भरोसा दिलाया कि मिल को आगामी सीजन में चलाया जाएगा। मिल के चलने से क्षेत्र के साथ ही जनपद के किसानों को काफी फायदा होगा। बता दें कि जिले में आठ शुगर मिल स्थापित है। इनमें से दो सहकारी और तीन निजी क्षेत्र की चीनी मिलें ही चल रही है। जबकि दया, बिड़वी और टोडरपुर शुगर मिलें पिछले कई वर्षों से बंद चल रही है। जिले में गन्ने के करीब 15 प्रतिशत बढे़ हुए रकबे को देखते हुए दया शुगर मिल का चलना बेहद जरूरी है। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी, मालिक सत्येंद्र प्रकाश, पीके शर्मा, तहसीलदार सदर सुधीर कुमार आदि रहे।