सहारनपुर। एनजीटी ने यमुना क्षेत्र में खनन कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के मामले में बसपा एमएलसी महमूद अली, खनन व्यवसायी अमित जैन और मोहम्मद इनाम पर 50 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही यूपी और हरियाणा की राज्य सरकार से इस धनराशि की वसूली करने को कहा है।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) दिल्ली की चार सदस्यी खंडपीठ ने 10 मार्च को इस धनराशि की वसूली के लिए राज्य सरकार उत्तर प्रदेश, प्रमुख सचिव हरियाणा को आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में रणवीर सिंह ने एनजीटी में याचिका दायर की थी। इसमें बसपा एमएलसी महमूद अली, खनन व्यवसायी मोहम्मद इनाम और अमित जैन पर यमुना क्षेत्र में खनन कर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया था।