सहारनपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे अपात्र किसानों ने ली गई धनराशि को जमा कराना शुरू कर दिया है। अब तक 443 अपात्र किसान 36.22 लाख रुपये जमा करा चुके हैं। अपात्रों से वसूली की प्रक्रिया जारी है। साथ ही इस योजना के अपात्रों को चिह्नित करने के लिए कृषि विभाग के कर्मचारी गांव-गांव जाकर लाभार्थियों का सत्यापन कर रहे हैं।
किसानों की आय में बढ़ोत्तरी करने के उद्देश्य से भारत सरकार छह हजार रुपये प्रतिवर्ष देती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद के 303588 किसान पंजीकृत हैं। केंद्र सरकार की ओर से इन किसानों के बैंक खाते में वर्ष में दो-दो हजार की तीन किश्त भेजी जाती है। लेकिन कुछ अपात्र किसान भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं। कृषि निदेशालय ने भी अपात्र किसानों का डाटा कृषि विभाग को भेजा था। जिसको लेकर कृषि विभाग ने संबंधित किसानों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें आयकर दाता, मृतक किसान और अन्य कारणों से अपात्र किसान शामिल हैं। नोटिस भेजने के बाद से अपात्र किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्राप्त धनराशि को जमा कराना शुरू कर दिया है। अब तक 443 अपात्र किसानों ने 36.22 लाख रुपये की धनराशि जमा कराई है।
सम्मान निधि का लाभ ले रहे अपात्रों से वसूली की जा रही है। अब तक जनपद के 443 अपात्र किसान 36.22 लाख रुपये जमा करा चुके हैं। अपात्र जल्द से जल्द ली गई सम्मान निधि को जमा करा दें। इसके साथ ही गांव-गांव सम्मान निधि पाने वालों का सत्यापन भी कराया जा रहा है। - डॉक्टर राकेश कुमार, उप निदेशक कृषि।
अपात्रता के मानक
- सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी
- 10 हजार रुपये से अधिक मासिक पेंशन पाने वाले
- पूर्व एवं वर्तमान में संवैधानिक पद धारक
- कृषि कार्य से इतर प्रयोग में आने वाले संस्थागत भूमि धारक
- मृत्यु हो गई हो
- आयकर भुगतान करने वाले
- एक फरवरी 2019 के बाद की भूमि रजिस्ट्री
अब तक हुई रिकवरी
मृतक किसान 129 682000
आयकर दाता किसान 293 2740000
अन्य कारणों से अपात्र किसान 21 200000