आमरण अनशन पर बिगड़ी दो किसानों की हालत
साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। आमरण अनशन के 25 वें दिन दो किसानों की तबीयत बिगड़ गई। समाचार लिखे जाने तक सूचना के बावजूद भी धरनास्थल पर चिकित्सकों की टीम स्वास्थ्य परीक्षण करने मौके पर नहीं पहुंची थी।
पिछले चार वर्षों से बंद पड़ी यमुना खादर एवं घाड़ क्षेत्र की एक मात्र औद्योगिक इकाई शाकंभरी शुगर मिल टोडरपुर को चालू कराये जाने की मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों का 20 अक्तूबर से मिल गेट पर लगातार धरना जारी है। सोमवार को आमरण अनशन के 25 वें दिन कंपकंपाती सर्दी एवं शीत लहर के चलते दोपहर में आमरण अनशन पर बैठे किसान दर्शनलाल काम्बोज व कर्म सिंह की तबीयत बिगड़ गई। किसानों ने इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग की टीम को दी। सूचना के बावजूद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम समाचार लिखे जाने तक स्वास्थ्य परीक्षण करने नहीं पहुंची।
उधर इस बारे में सीएचसी प्रभारी डा नितिन कदवाल का कहना था कि स्वास्थ्य विभाग की टीम आमरण अनशन पर बैठे किसानों की नियमित स्वास्थ्य जांच कर रही है। आज टीम को गाड़ी नहीं मिल पाने के चलते जाने में विलंब हो गया। जल्द ही टीम भेजकर स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी। आमरण अनशन पर दर्शनलाल काम्बोज, कर्मसिंह के अलावा चमेल सिंह सैनी, खूबचंद सैनी, करण सिंह, हाजी खुर्शीद, हाजी मुकर्रम, आबिद हसन, आमिर चौहान आदि किसान शामिल रहे। इस अवसर पर किसान पवन सिंह, मेघराज सैनी, राजेश प्रधान, इंद्राज काम्बोज, जसविंद्र, धूमसिंह, रणबीर सिंह, उदय सिंह, समय सिंह प्रधान, राजीव काम्बोज, रामपाल सैनी, ताहिर, रामपाल लंबरदार, बुद्ध सिंह प्रधान, पद्मप्रकाश शर्मा, सुरेशपाल सिंह, देवी सिंह, शोभाराम भगत आदि मौजूद रहे।