रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। दिल्ली रोड हाईवे पर रविवार की रात किसी वाहन ने रेलवे फाटक का बैरियर तोड़ दिया। इसकी जानकारी होने के बाद सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली यात्री ट्रेन को गांव तेलीपुरा के पास रोककर हाईवे पर चेन डालकर निकाला गया। रविवार रात दस बजे रामपुर मनिहारान रेलवे फाटक पर अज्ञात वाहन ने खुले हुए फाटक के बैरियर में टक्कर मार दी। इससे बैरियर टूट गया। उस समय फाटक पर गेट मैन मौजूद था। जब तक वह बाहर आया वाहन चालक फरार हो चुका था। इसकी सूचना गेट मैन ने स्टेशन अधीक्षक को दी। इसके बाद आनन फानन में सहारनपुर से दिल्ली के लिए जाने वाली 51912 पैसेंजर ट्रेन को तीन किलोमीटर पीछे गांव तेलीपुरा के पास रोक दिया गया। 15 मिनट के बाद फाटक पर हाईवे पर चेन डालकर वाहनों को रोककर ट्रेन को निकाला गया। इसके बाद दिल्ली से सहारनपुर आने वाली 51913 ट्रेन व सुबह चार बजे सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली 51914 ट्रेनों को भी चेन डालकर निकाला गया। स्टेशन अधीक्षक नितिश राय ने बताया कि सोमवार की सुबह चार बजे बैरियर को ठीक करा दिया गया।