सहारनपुर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), जैन हॉस्पिटल, महावीर शिक्षा संस्थान की ओर से बुधवार को एसबीडी जिला अस्पताल से जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों और विभिन्न स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए।
सीएमओ कार्यालय से शुरू हुई रैली को अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. एके दुआ और सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में करीब 500 छात्रों और एनसीसी कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। छात्र हाथों में तख्तियां लेकर चल रहे थे, जिनपर मधुमेह से संबंधित स्लोगन लिखे थे। रैली अस्पताल से शुरू होकर बाजोरिया मार्ग, चौधरी चरण सिंह चौक आदि से होकर वापस अस्पताल परिसर पहुंची। इसके बाद अस्पताल में संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें अपर निदेशक डॉ. एके दुबे ने मधुमेह के कारण और निवारण पर अपनी बात रखी। संचालन प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके वार्ष्णेय ने किया। इस मौके पर डॉ. अनिल कुमार वोहरा, डीपीओ डॉ. रंजना चौधरी, डीसी मुदस्सिर आदि मौजूद रहे। उधर, जिला अस्पताल में शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें मधुमेह और टीबी की मुफ्त जांच की गई। बड़ी संख्या में पहुंचकर लोगों ने जांच कराई।
एनसीसी कैडेट्स ने निकाली जन जागरूकता रैली
सहारनपुर। मधुमेह दिवस के अवसर पर 26 यूपी बटालियन के कैडेट्स की ओर से जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली सोफिया गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल से शुरू होकर ओजपुरा, चंद्रनगर आदि कॉलोनियों से होकर गुजरी। रैली को सफल बनाने में बटालियन के सूबेदार मेजर अर्जुन सिंह, सूबेदार मो. राशिद, प्रधानाचार्या सिस्टर एल्सी, केयर टेकर आफिसर नीतू सैनी, कर्नल करमदीन का सहयोग रहा। उधर, 83 यूपी बटालियन एनसीसी के कैडेट्स द्वारा कमान अधिकारी कर्नल जेएस कवर, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अनिल कुमार के निर्देशन में जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली एसएएम इंटर कॉलेज से शुरू हुई, जिसे प्रधानाचार्य मनोज काकरान ने हरी झंडी दिखाई। रैली को सफल बनाने में एसोसिएट एनसीसी अधिकारी ब्रिजेश पुंडीर, रामीर सिंह, मेजर सुधीर, राजेश यादव, राकेश शर्मा, डॉ. सादाराम, नवीन गुलाटी, सुबोध पुंडीर, मनीष कुमार आदि का सहयोग रहा।