नकुड़ (सहारनपुर)। रविवार की देर रात को हुए अलग-अलग तीन हादसों में एक 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जबकि एक बच्चे सहित तीन लोग घायल हो गये। पुलिस ने युवक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाल मुकेश गौतम ने बताया कि रविवार की रात करीब नौ बजे गांव कुराली के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल ने बताया कि युवक अंकुर पुत्र प्रमोद कुमार निवासी बिजनौर, उत्तम शुगर मिल शेरमऊ में फिल्ड स्टाफ में काम करता था। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार युवक के पास हेलमेट नहीं था। इसके अलावा कस्बे में नकुड़-गंगोह रोड पर ट्रक और ट्रैक्टर-ट्राली की हुई टक्कर में ट्रैक्टर पर सवार दो युवक गंभीर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर का एक पहिया टूटकर अलग हो गया तथा ट्रक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायलों को उपचार हेतु भेज दिया गया था। तीसरे हादसे में गांव बिस्सलहेड़ा में एक भैंसा बुग्गी पलट गई। बुग्गी के नीचे दबने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार उक्त दो हादसों में घायल हुए बच्चे व युवकों के नाम आदि के बारे में पता नहीं चल सका है।