सहारनपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में पहला स्थान हासिल करने के लिए सहारनपुर नगर निगम जुटा हुआ है। एक ओर जहां वार्डों के बीच स्वच्छता को लेकर प्रतिस्पर्धा कराई जा रही है, वहीं स्कूलों में प्रतियोगिताएं कराकर बच्चों को अभियान से जोड़कर जागरूक किया जाएगा। स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर सोमवार को महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने पत्रकार वार्ता की।
महापौर संजीव वालिया ने बताया कि शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए नगर निगम अपने स्तर से हर संभव प्रयास कर रहा है। सेनेट्री इंसपेक्टर्स और सफाई नायकों के कार्यों की प्रतिदिन नगरायुक्त के द्वारा समीक्षा की जा रही है। हमने सफाईकर्मियों के कार्यों के घंटे भी बढ़ाए हैं, जिसमें उनका पूरा सहयोग मिल रहा है। यदि जनता का सहयोग और मिल जाए तो हमें पहले पायदान पर आने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए नगर के प्रत्येक नागरिक से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति शहर को साफ बनाने में योगदान नहीं कर सकता है तो कम से कम वह शहर को गंदा भी न करें। नगरायुक्त ने बताया कि वार्डों के बीच प्रतिस्पर्धा कराई जा रही है। जो भी वार्ड सबसे साफ होगा उसके सफाई नायकों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही स्कूलों में स्वच्छता से जुड़ी अनेक प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। जो स्कूल सबसे बेहतर काम करेगा उसे मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री के हाथों पुरस्कृत कराया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों समेत प्रत्येक नागरिक से सहयोग की अपील की।
----------------------------------------
महारैली में शामिल होंगे नगर विकास मंत्री
स्वच्छता अभियान को लेकर 15 नवंबर को नगर निगम द्वारा महारैली निकाली जाएगी। रैली गांधी पार्क मैदान से शुरू होगी, जिसमें नगर विकास मंत्री सुरेख खन्ना भी प्रतिभाग करेंगे। साथ ही रैली में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी, अनेक संस्थाओं के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक प्रतिभाग करेंगे। महापौर और नगरायुक्त ने नगरवासियों ने महारैली का हिस्सा बनने की अपील की।